रुड़की(श्रवण गिरी)। प्रारंभिक शिक्षा निदेशक अजय कुमार नौडियाल के साथ शिक्षा निदेशालय में हुई अशोभनीय घटना के विरोध में पीएम श्री अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज, रुड़की के शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया।
विरोध कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों और कर्मचारियों ने एक स्वर में घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। वक्ताओं ने कहा कि इस प्रकार की घटनाएं न केवल प्रशासनिक गरिमा पर आघात हैं, बल्कि समस्त शिक्षक एवं कर्मचारी समुदाय की सुरक्षा और सम्मान से भी जुड़ी हुई हैं।
प्रदर्शन में चतुर्थ वर्गीय कार्मिक, मिनिस्ट्रियल कर्मचारी एवं शिक्षक बड़ी संख्या में शामिल रहे। इस अवसर पर उत्तरांचल (पर्वतीय) कर्मचारी–शिक्षक संगठन हरिद्वार के जिलाध्यक्ष ललित मोहन जोशी, राजकीय शिक्षक संघ रुड़की के पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष एवं पुरानी पेंशन बहाली राष्ट्रीय आंदोलन के रुड़की ब्लॉक अध्यक्ष सतेन्द्र कुमार, शाखा अध्यक्ष देवेंद्र पाल, शाखा मंत्री भारती गुप्ता तथा चतुर्थ वर्गीय शिक्षा विभाग कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष सतेन्द्र कुमार सहित अनेक कर्मचारी एवं शिक्षक उपस्थित रहे।
सभी वक्ताओं ने संगठन की एकजुटता पर बल देते हुए स्पष्ट कहा कि कर्मचारी–शिक्षक वर्ग अपने सम्मान, सुरक्षा एवं अधिकारों की रक्षा के लिए सदैव संगठित और सजग रहेगा।


