रोशनाबाद/बहादराबाद(नीति शर्मा)। रानीपुर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देते हुए विधायक आदेश चौहान ने विभिन्न स्थानों पर सड़क निर्माण एवं पुनर्निर्माण कार्यों का विधिवत पूजन कर शुभारंभ कराया। लगभग 40 लाख रुपये की लागत से रावली महदूद के राजपूत विहार, शिवालिक नगर नगरपालिका के वार्ड 12 स्थित देवनगर तथा बहादराबाद क्षेत्र में हाईवे से थाना बहादराबाद होते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तक सड़क निर्माण एवं पुनर्निर्माण कार्य किया जाएगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक आदेश चौहान ने कहा कि भाजपा सरकार क्षेत्र में बुनियादी ढांचे के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। इन सड़कों के निर्माण से स्थानीय निवासियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और क्षेत्र के विकास को नई गति प्राप्त होगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर और पूर्ण गुणवत्ता के साथ पूरा कराया जाएगा।
बहादराबाद में आयोजित कार्यक्रम के दौरान ग्राम प्रधान रावली महदूद प्रमोद पाल, ग्राम प्रधान बहादराबाद नीरज चौहान, सहकारी समिति चेयरमैन अनिल जानी, जिला पंचायत सदस्य कृष्ण कुमार (लल्ला), जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि चमन चौहान, वरिष्ठ भाजपा पदाधिकारी चेतन चौहान, मंडल अध्यक्ष वरुण वशिष्ठ, महामंत्री चेतन चौहान, ईश्वर सिंह, सुनील कुमार, शोभित चौहान, सूरज नेगी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
स्थानीय लोगों ने सड़क निर्माण कार्यों की शुरुआत पर विधायक का आभार व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया।

