देहरादून/रामनगर(अनिल शीर्षवाल)। नैनीताल जनपद के रामनगर में ग्राम पंचायत विकास अधिकारी एसोसिएशन, उत्तराखंड का द्विवार्षिक अधिवेशन एवं चुनाव कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। चुनाव में योगेश भारती को प्रांतीय अध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया, जबकि प्रांतीय महामंत्री पद पर हुए त्रिकोणीय मुकाबले में विनीत कुमार गौड़ विजयी रहे।
निर्वाचन प्रक्रिया निर्वाचन अधिकारी दीपक कुमार, ललित सिंह ग्वाल, असलम अली एवं गिरजेश कांडपाल की देखरेख में पारदर्शी एवं लोकतांत्रिक ढंग से संपन्न कराई गई। प्रदेश महामंत्री पद के लिए संतोषी नेगी, विनीत कुमार गौड़ एवं देवेंद्र सिंह रावत के बीच मतदान हुआ। कुल मतों में से विनीत कुमार गौड़ को 35 मत, देवेंद्र सिंह रावत को 11 मत तथा संतोषी नेगी को 8 मत प्राप्त हुए। परिणामस्वरूप विनीत कुमार गौड़ को प्रांतीय महामंत्री पद पर निर्वाचित घोषित किया गया।

चुनाव प्रक्रिया प्रदेश के 13 जनपदों से आए अध्यक्षों, जिला मंत्रियों एवं प्रदेश कार्यकारिणी प्रतिनिधियों की उपस्थिति में संपन्न हुई। नव निर्वाचित प्रांतीय अध्यक्ष योगेश भारती एवं प्रांतीय महामंत्री विनीत कुमार गौड़ को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद गिरजेश कांडपाल द्वारा विधि-सम्मत शपथ दिलाई गई।
इससे पूर्व निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष संतन सिंह बिष्ट ने अपने दो वर्षीय कार्यकाल की उपलब्धियों एवं संगठनात्मक गतिविधियों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। तत्पश्चात पूर्व कार्यकारिणी को विधिवत भंग कर नई कार्यकारिणी के लिए चुनाव कराया गया।
सम्मेलन के सफल आयोजन में नैनीताल जनपद के ग्राम पंचायत विकास अधिकारी उमेश जोशी, विवेक पाल बिष्ट, पीतांबर आर्य एवं दीपक सिंह सहित समस्त पदाधिकारियों का विशेष योगदान सराहनीय रहा। यह भी जानकारी दी गई कि तीसरी बार नैनीताल जनपद को प्रदेश सम्मेलन आयोजित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई।
नव निर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए संगठन को और अधिक सशक्त एवं सक्रिय बनाने का संकल्प व्यक्त किया गया। अपने संबोधन में योगेश भारती एवं विनीत कुमार गौड़ ने कहा कि संगठन संवर्ग हितों की रक्षा हेतु प्रदेश के सभी जनपद अध्यक्षों के साथ समन्वय स्थापित कर विभिन्न मांगों को शासन स्तर पर प्रभावी ढंग से उठाएगा तथा समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगा।

