हरिद्वार(मनोज यादव)।अशोक सिंघल सेवा धाम, वात्सल्य वाटिका, बहादराबाद में चैत्र शुक्ल प्रतिपदा (हिंदू नववर्ष, विक्रम संवत् 2083) के पावन अवसर पर भव्य महा आरती एवं धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन अत्यंत श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। इस अवसर पर पूरा परिसर भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत नजर आया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विधिवत पूजन एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात बच्चों द्वारा सुंदर भजन एवं संगीतमय प्रस्तुतियां दी गईं, जिन्होंने उपस्थित सभी लोगों का मन मोह लिया। बच्चों ने सोमवार से रविवार तक सातों दिनों की आरतियां बड़े ही श्रद्धा भाव से प्रस्तुत कीं, जिससे वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया।

इसके साथ ही बच्चों ने विभिन्न देवी-देवताओं की आरतियां गाईं, हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ किया तथा वैदिक मंत्रोच्चारण कर आध्यात्मिक वातावरण को और अधिक पवित्र बना दिया। कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि प्रत्येक बच्चे ने स्वयं भगवान की आरती कर अपनी सहभागिता सुनिश्चित की, जिससे उनमें धार्मिक संस्कारों का सुंदर समावेश देखने को मिला।

भक्ति की मधुर ध्वनि, मंत्रों की गूंज और दीपों की ज्योति ने पूरे परिसर को एक दिव्य आभा से आलोकित कर दिया। उपस्थित श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर होकर भगवान के चरणों में लीन नजर आए।
इस पावन अवसर पर कार्तिक सैनी, आकांशु चौहान, शिवम सिंह, सोनी राणा, संजय धीमान, पियूष सहित समस्त स्टाफ की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी ने मिलकर कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग प्रदान किया।
कार्यक्रम का समापन आरती एवं प्रसाद वितरण के साथ हुआ। संपूर्ण आयोजन भक्तिमय, अनुशासित एवं उल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ, जिसने सभी के मन में आध्यात्मिक ऊर्जा और नववर्ष के प्रति नई आशा का संचार किया।

