देहरादून/हरिद्वार(नीति शर्मा)। देवभूमि उत्तराखंड आगमन पर देश के उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन का राज्य मंत्री सुनील सैनी ने पुष्प भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर कार्यक्रम स्थल पर जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रही, जिन्होंने उपराष्ट्रपति के स्वागत में उत्साह व्यक्त किया।
राज्य मंत्री सुनील सैनी ने अपने संबोधन में कहा कि उपराष्ट्रपति का उत्तराखंड आगमन प्रदेश के लिए गौरवमयी और प्रेरणादायक क्षण है। उन्होंने कहा कि उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन अपने सरल स्वभाव, समर्पण और विनम्रता के लिए देशभर में सम्मानित हैं। उनका सानिध्य प्रदेशवासियों के लिए नई ऊर्जा और प्रेरणा का स्रोत है।

उन्होंने आगे कहा कि भारतीय जनता पार्टी की रीति-नीति सदैव राष्ट्रहित, जनकल्याण और समावेशी विकास पर आधारित रही है। “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मूल मंत्र के साथ भाजपा सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। केंद्र और राज्य सरकार मिलकर उत्तराखंड को विकास के नए आयाम देने के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं।
सुनील सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश तेजी से प्रगति के पथ पर अग्रसर है और उत्तराखंड भी इस विकास यात्रा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि उपराष्ट्रपति का यह दौरा प्रदेश में विकास योजनाओं को और गति प्रदान करेगा तथा जनहित से जुड़े कार्यों को मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनसमूह ने उपराष्ट्रपति का अभिनंदन करते हुए इसे प्रदेश के लिए ऐतिहासिक और यादगार अवसर बताया। अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने भी इस अवसर पर प्रदेश के विकास और जनकल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

