रूड़की(श्रवण गिरी)।मैथोडिस्ट गर्ल्स पी.जी. कॉलेज, रूड़की के प्रांगण में बुधवार को छात्राओं के लिए भव्य विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा एवं मनीषा बत्रा रहे। इसके अतिरिक्त रेवरेण्ड राकेश चार्ली, अनीता सिंह, संजय मुकुंदन और सीमा कुमार भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ छात्राओं द्वारा पुष्प अर्पण एवं एनसीसी कैडेट्स के गार्ड ऑफ ऑनर से किया गया।
महाविद्यालय प्रबंधन की ओर से प्रबंधिका मिस जे. सिंह, सहायक प्रबंधिका दीपिका चार्ली एवं प्राचार्या डॉ. अमिता श्रीवास्तव सहित समस्त प्रवक्ताओं ने अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ व स्मृति चिन्ह देकर किया। रेवरेण्ड राकेश चार्ली द्वारा प्रभु वंदना तथा अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ हुआ।

छात्राओं ने सामूहिक नृत्य, स्टैंड-अप कॉमेडी और पुराने गीतों पर शानदार प्रस्तुतियां दीं। इस अवसर पर हेमवती नंदन बहुगुणा विश्वविद्यालय की गोल्ड मेडलिस्ट छात्राएं—निकिता सैनी, शैंकी सैनी, प्राची पवार और अभिलाषा को सम्मानित किया गया।
26 जनवरी 2026 को कर्तव्य पथ पर आयोजित प्रधानमंत्री रैली में प्रतिभाग करने वाली छात्रा अंबिका थपरियाल को भी विशेष सम्मान प्रदान किया गया। मुख्य अतिथि ने छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंतर्गत रैंप वॉक का आयोजन भी किया गया, जिसमें मिस मैथोडिस्ट का खिताब श्रेया भटनागर, मिस ऑलराउंडर खुशबू, मिस बिहेवियर श्रेया और मिस इंटेलीजेंट खुशी को मिला, जबकि लायबा नूर को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया।
अंत में प्राचार्या डॉ. अमिता श्रीवास्तव ने सभी अतिथियों, शिक्षकों और छात्राओं का आभार व्यक्त करते हुए विदाई ले रही छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के समापन पर छात्राओं को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।

