हरिद्वार(नीति शर्मा)। ऊँ आरोग्यम् योग मंदिर के तत्वाधान में 11वीं राष्ट्रीय योग प्रतियोगिता का भव्य आयोजन कनखल स्थित गौतम फॉर्म में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्रा सहित योग जगत की कई प्रमुख हस्तियों ने दीप प्रज्वलित कर किया।
प्रतियोगिता में डी.पी.एस. रानीपुर, डी.पी.एस. दौलतपुर, मां सरस्वती पब्लिक स्कूल, ऐंजल्स एकेडमी, धूमसिंह मेमोरियल पब्लिक स्कूल, मां आनंदमयी स्कूल रायवाला सहित अनेक विद्यालयों और संस्थाओं के प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसके अलावा मेरठ, सहारनपुर, ऋषिकेश, रुड़की और लक्सर जैसे विभिन्न क्षेत्रों से भी प्रतिभागी पहुंचे।
आयोजन समिति के अध्यक्ष योगी रजनीश ने बताया कि प्रतियोगिता तीन श्रेणियों—ट्रेडिशनल योगासन, आर्टिस्टिक योग (सोलो, पेयर व ग्रुप) तथा सूर्य नमस्कार—में आयोजित की गई। इसमें 5 वर्ष के बच्चों से लेकर 60 वर्ष तक के प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

निर्णायक मंडल ने विभिन्न आयु वर्गों में प्रतिभागियों का मूल्यांकन कर विजेताओं को स्वर्ण, रजत और कांस्य पदकों के साथ आकर्षक उपहार प्रदान किए। 12 से 16 वर्ष बालिका वर्ग में यशस्वी शर्मा (डी.पी.एस. रानीपुर), वेदिका (धूमसिंह मेमोरियल) और ऋषिका ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किया। सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।
मुख्य विकास अधिकारी डॉ. मिश्रा ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि योग स्वस्थ जीवन का आधार है और ऐसे आयोजन समाज को निरोगी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
समापन अवसर पर योगी रजनीश ने कहा कि योग केवल शरीर ही नहीं, बल्कि मन को भी सशक्त बनाता है। उन्होंने प्रतिभागियों को निरंतर अभ्यास करते हुए जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।


