धनौरी/हरिद्वार(श्रवण गिरी)। पंतनगर विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ शिवेंद्र कुमार कश्यप ने कार्यभार ग्रहण करते ही प्रदेश के विभिन्न जिलों और ग्रामीण क्षेत्रों का भ्रमण शुरू कर दिया है। इसी क्रम में उन्होंने कृषि विज्ञान केंद्र (KVK) धनौरी का दौरा कर वहां की व्यवस्थाओं, फार्म और चल रही गतिविधियों का निरीक्षण किया।
कुलपति ने केंद्र पर तैनात वैज्ञानिकों से विस्तृत चर्चा करते हुए रोजगारपरक प्रशिक्षण, इन-सर्विस ट्रेनिंग, फील्ड डेटा संग्रहण की प्रक्रिया तथा शोध पत्र प्रकाशन की संभावनाओं पर गहन विचार-विमर्श किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रसार तंत्र विश्वविद्यालय की रीढ़ है, जिसे सुदृढ़ करना उनकी पहली प्राथमिकता है।

डॉ कश्यप ने लघु और सीमांत किसानों के लिए संचालित योजनाओं की प्रगति को अगले दौरों में स्वयं देखने की इच्छा जताई। उन्होंने वैज्ञानिकों की समस्याएं भी सुनीं और उनके शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया।
प्रसार शिक्षा के अनुभवी वैज्ञानिक रहे कुलपति के इस दौरे से केंद्र के वैज्ञानिकों में नया उत्साह देखने को मिला। उन्होंने केंद्र प्रभारी डॉ पुरुषोत्तम के कार्यों की सराहना करते हुए भविष्य की रणनीतियों पर मार्गदर्शन दिया।
दौरे के दौरान कुलपति ने केंद्र परिसर में रुद्राक्ष एवं सजावटी पौधों का रोपण भी किया। इस अवसर पर डॉ विनोद, डॉ योगेंद्र सैनी, इंजीनियर उमेश कुमार सक्सेना, डॉ रेनू, डॉ सरिता सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।


