रोशनाबाद(अनिल शीर्षवाल)। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह के नेतृत्व में जनपद पुलिस द्वारा चलाए जा रहे मोबाइल रिकवरी अभियान के तहत सिडकुल थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। प्रभावी कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने कुल 152 खोए हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को लौटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
मोबाइल फोन की तलाश में C.E.I.R पोर्टल अहम भूमिका निभा रहा है। इस पोर्टल के माध्यम से सिडकुल पुलिस ने देश के विभिन्न राज्यों की पुलिस से समन्वय स्थापित कर गुम हुए मोबाइल फोन की सफल रिकवरी की। बरामद किए गए मोबाइल फोन में सिडकुल क्षेत्र की औद्योगिक इकाइयों में कार्यरत बाहरी राज्यों से आए कर्मचारियों के फोन भी शामिल हैं, जबकि कई फोन स्थानीय निवासियों के हैं।


जिन लोगों ने अपने मोबाइल मिलने की उम्मीद छोड़ दी थी, उनके चेहरे पर पुलिस के इस प्रयास से दोबारा खुशी लौट आई है। आमजन द्वारा इस सराहनीय कार्य के लिए हरिद्वार पुलिस की जमकर प्रशंसा की जा रही है।
पुलिस ने अपील करते हुए कहा है कि यदि किसी व्यक्ति को कोई लावारिस मोबाइल फोन मिलता है, तो उसे तुरंत नजदीकी थाना या पुलिस चौकी में जमा कराएं। वहीं, मोबाइल खोने की स्थिति में तुरंत रिपोर्ट दर्ज कराना सुनिश्चित करें, ताकि समय रहते उसे ट्रेस किया जा सके।


