हरिद्वार(नीति शर्मा)। आगामी श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या और सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर शुक्रवार को जिलाधिकारी मयूर दीक्षित एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने संयुक्त रूप से चंडी देवी मंदिर पहुंचकर व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने मंदिर परिसर, दर्शन व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम एवं स्वच्छता व्यवस्था का गहन निरीक्षण कर मौके पर मौजूद पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मंदिर परिसर में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए तथा श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न होने पाए। उन्होंने कहा कि दर्शन के लिए आने वाले सभी श्रद्धालुओं को व्यवस्थित रूप से लाइन में दर्शन कराए जाएं ताकि भीड़भाड़ एवं अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो। साथ ही पेयजल, बैरिकेडिंग, सफाई एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं को सुचारु बनाए रखने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए गए।

एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में सतर्कता बनाए रखी जाए। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने, भीड़ नियंत्रण एवं यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रखने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मंदिर आने-जाने वाले मार्गों, पार्किंग व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बनाए गए सुरक्षा इंतजामों का भी अवलोकन किया। प्रशासन की ओर से कहा गया कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम दर्शन कराकर उनके गंतव्य तक रवाना किया जाएगा, जिससे धार्मिक यात्रा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।


