देहरादून(हरिशंकर सैनी)।डीएवी इंटर कॉलेज, करनपुर में शुक्रवार को अभिभावक संघ की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. एस.के. श्रीवास्तव ने की। इस दौरान सत्र 2025-26 का वित्तीय लेखा-जोखा प्रस्तुत किया गया और विद्यालय के विकास कार्यों पर चर्चा की गई।
बैठक में नई अभिभावक संघ समिति का सर्वसम्मति से गठन किया गया। इसमें श्रीमती उषा को अध्यक्ष चुना गया। वहीं विद्यालय के प्रवक्ता आर.के. सिंह को मंत्री और मुमताज अली को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। सदस्य के रूप में शकुंतला सिंह, एस.के. त्रिपाठी और विनोद को शामिल किया गया।
बैठक में बच्चों की शैक्षिक उन्नति और बेहतर शिक्षण व्यवस्था को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। विद्यालय की शिक्षिका डॉ. बबीता सहोत्रा ने अभिभावकों को 13 से 14 वर्ष की बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए लगाए जा रहे एचपीवी वैक्सीन की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह टीका कोरोनेशन अस्पताल और दून अस्पताल समेत सरकारी अस्पतालों में निःशुल्क उपलब्ध है। अभिभावकों से अपनी बेटियों को समय पर टीका लगवाने की अपील की गई।
इस मौके पर प्रवक्ता तृप्त कुमार, स्वीटी चौहान, संगीता चौरसिया, मनोरमा नेगी, योगेश श्रीवास्तव, विनीत सिंघल, सुबोध यादव, राकेश सिंह, मालिक भूषण नौटियाल, पियूष बंसल और सुधीर गिलड़ायल समेत बड़ी संख्या में शिक्षक, छात्र-छात्राएं और अभिभावक मौजूद रहे।



