चुड़ियाला(विश्वास चौधरी)।भगवानपुर ब्लॉक के शहीद गांव महेश्वरी में करीब दो दशक से जर्जर पड़ी मुख्य सड़क के निर्माण का कार्य शनिवार को विधिवत रूप से शुरू हो गया। वर्तमान ग्राम प्रधान रवि चौधरी व जिला पंचायत अध्यक्ष चौधरी राजेंद्र सिंह ने फीता काटकर सड़क निर्माण का शुभारंभ किया।
शहीद गेट से यूपी बॉर्डर स्थित रविदास मंदिर तक लगभग एक किलोमीटर लंबी इस सड़क की हालत लंबे समय से खराब थी। कई ग्राम प्रधानों और जनप्रतिनिधियों द्वारा आश्वासन दिए जाने के बावजूद समस्या जस की तस बनी रही। खराब सड़क के कारण रोजाना राहगीरों को परेशानी और चोट का सामना करना पड़ता था।
ग्राम प्रधान रवि चौधरी ने बताया कि सड़क निर्माण के लिए लगातार प्रयास किए गए, लेकिन अब जाकर काम शुरू हो पाया है। जिला पंचायत अध्यक्ष चौधरी राजेंद्र सिंह ने कहा कि खराब सड़क के कारण क्षेत्र की छवि प्रभावित हो रही थी, जिसे सुधारने के लिए गांव को गोद लिया गया है और आगे भी विकास कार्य जारी रहेंगे।
इस दौरान ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों के साथ जोरदार स्वागत किया। कार्यक्रम में संजय खटाणा, सचिन चौधरी, अंकित चौधरी, विश्वास चौधरी, संजय परमार, मांगेराम चौधरी, सुमित कुमार, सरदार सिंह, श्रवण परमार, मुकुल चौधरी, अनुराग प्रजापति, सौरण सिंह, संजील कुमार, सोमप्रकाश, उधम सिंह प्रजापति, राजकुमार वाल्मीकि, अलीहसन अंसारी, शकील अहमद, लतीफ सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।

