हरिद्वार(नीति शर्मा)। भारत मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून द्वारा 9 जुलाई को जनपद हरिद्वार में कहीं-कहीं भारी से अत्यंत भारी वर्षा, आकाशीय बिजली चमकने तथा तेज वर्षा के दौर की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके मद्देनजर जिला प्रशासन ने एहतियातन जिले के सभी विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित कर दिया है।
जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण हरिद्वार मयूर दीक्षित द्वारा जारी आदेश के अनुसार 9 जुलाई 2026 (बृहस्पतिवार) को जनपद के समस्त राजकीय, परिषदीय, सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों तथा सभी आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन बंद रहेगा।
आदेश में कहा गया है कि भारी वर्षा के कारण नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने तथा विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। सभी तहसीलों एवं संबंधित विभागों को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई विद्यालय अथवा विभाग आदेश की अवहेलना करता है तो उसके विरुद्ध आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।


