हरिद्वार(नीति शर्मा)। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरिद्वार की ओर से मानव तस्करी के विरुद्ध जनजागरूकता अभियान के तहत दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस), सेक्टर-4, हरिद्वार में जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली का उद्देश्य छात्र-छात्राओं एवं आमजन को मानव तस्करी जैसे गंभीर अपराध के प्रति जागरूक करना तथा बच्चों और महिलाओं के अधिकारों की जानकारी देना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरिद्वार की सचिव एवं न्यायिक अधिकारी सिमरनजीत कौर, बाल कल्याण समिति, हरिद्वार की सदस्य सुनीता चौधरी तथा दिल्ली पब्लिक स्कूल, सेक्टर-4 के प्रधानाचार्य अनुपम जगा ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रैली को रवाना कर किया।
रैली में विभिन्न विद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने मानव तस्करी के खिलाफ जागरूकता संबंधी संदेश लिखी तख्तियां एवं बैनर हाथों में लेकर लोगों को इस सामाजिक बुराई के प्रति सचेत रहने का संदेश दिया। रैली के माध्यम से बच्चों को मानव तस्करी के खतरों, उससे बचाव के उपायों, कानूनी अधिकारों तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने के महत्व के बारे में जानकारी दी गई।
इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सिमरनजीत कौर ने कहा कि मानव तस्करी समाज के लिए गंभीर चुनौती है। इससे प्रभावी ढंग से निपटने के लिए जनजागरूकता सबसे महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से अपील की कि वे स्वयं जागरूक बनें और अपने परिवार तथा समाज को भी इस विषय में जागरूक करें।
बाल कल्याण समिति की सदस्य सुनीता चौधरी ने कहा कि प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित वातावरण, शिक्षा और सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अधिकार है। यदि कहीं भी बच्चों के शोषण, बाल श्रम, बाल विवाह या मानव तस्करी जैसी घटनाओं की जानकारी मिले तो तत्काल संबंधित विभाग या प्रशासन को सूचित करना चाहिए।
विद्यालय के प्रधानाचार्य अनुपम जगा ने कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को सामाजिक सरोकारों और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना भी विद्यालयों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों को समाज के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।
कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई तथा मानव तस्करी के विरुद्ध एकजुट होकर समाज को जागरूक करने का संकल्प लिया।


