पुलिस बल की तैनाती, यातायात प्लान, पार्किंग और अग्निशमन व्यवस्था पर हुआ मंथन
हरिद्वार(अमित शर्मा)। कुंभ मेला 2027 की तैयारियों के दृष्टिगत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंभ मेला आयुष अग्रवाल ने शनिवार को सीसीआर स्थित सभागार में पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में मेले की व्यवस्थाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने पर जोर दिया गया।
बैठक के दौरान एसएसपी ने पुलिस बल की तैनाती योजना, ड्यूटी प्रबंधन, खोया-पाया सेल की स्थापना, पार्किंग स्थलों, होल्डिंग एरिया और यातायात प्लान की समीक्षा की। इसके साथ ही कुंभ क्षेत्र में प्रभावी अग्निशमन व्यवस्था, आपातकालीन योजना, वैकल्पिक योजना और बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन की कार्रवाई की प्रगति भी परखी गई।

एसएसपी ने पुलिस विभाग से संबंधित निर्माण कार्यों की वर्तमान स्थिति की जानकारी लेते हुए शेष कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। कुंभ मेले के दौरान दूरसंचार विभाग और यातायात पुलिस के लिए आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता तथा अतिरिक्त उपकरणों की मांग पूरी करने को लेकर भी चर्चा की गई।
बैठक में विभिन्न पुलिस लाइनों और अस्थायी थानों में तैनात होने वाले पुलिसकर्मियों के लिए आवासीय व्यवस्थाओं पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों को टेंट, पेयजल, बिजली, शौचालय सहित अन्य बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। एसएसपी ने सभी शाखा प्रभारियों से अब तक किए गए कार्यों की समीक्षा करते हुए लंबित कार्यों को समय से पूरा करने पर जोर दिया।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक कुंभ राजेश भट्ट, अपर पुलिस अधीक्षक पुलिस दूरसंचार विपिन कुमार, मुख्य अग्निशमन अधिकारी कुंभ वंशबहादुर यादव, पुलिस उपाधीक्षक लाइन कुंभ वेद प्रकाश भट्ट, पुलिस उपाधीक्षक यातायात उमेश मलिक, निरीक्षक यातायात कुंभ हितेश कुमार और प्रतिसार निरीक्षक कुंभ संजीव कुमार शर्मा सहित विभिन्न शाखाओं के प्रभारी उपस्थित रहे।



