शादी का झांसा देकर 17 वर्षीय किशोरी को ले जाने का आरोप, सकुशल बरामद कर बाल कल्याण अधिकारी के समक्ष किया पेश
पिरान कलियर(श्रवण गिरी)। हरिद्वार जनपद की पिरान कलियर कोतवाली पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत नाबालिग किशोरी के अपहरण के मामले का खुलासा करते हुए नामजद आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने किशोरी को सकुशल बरामद कर जिला बाल कल्याण अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से उसे संरक्षण में भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, धनौरी चौकी क्षेत्र के कोटा मुरादनगर निवासी सुमन पत्नी रोहताश ने 29 सितंबर 2026 को अपनी 17 वर्षीय बेटी के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने मंगलौर क्षेत्र के आमखेड़ी गांव निवासी 29 वर्षीय रुपिन पुत्र चंद्रसिंह पर उनकी बेटी को अपने साथ ले जाने का आरोप लगाया था। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। किशोरी की बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही आरोपी के मोबाइल फोन की लोकेशन और मुखबिर तंत्र की मदद से उसकी तलाश की गई।
पुलिस के मुताबिक, 21 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बहादराबाद थाना क्षेत्र के खेलड़ी तिराहे से आरोपी रुपिन को गिरफ्तार कर लिया। इसी दौरान पुलिस ने किशोरी को भी सकुशल बरामद कर लिया।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने किशोरी को विवाह करने का बहाना बनाकर बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने की बात बताई। मामले में भारतीय न्याय संहिता और पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इनकी रही कार्रवाई में भूमिका
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में कोतवाली पिरान कलियर के प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी, उपनिरीक्षक महिपाल सैनी, कांस्टेबल प्रदीप सिंह और महिला पीआरडी ममता सैनी शामिल रहे।
पुलिस ने बताया कि ऑपरेशन प्रहार के तहत अपराधों पर अंकुश लगाने और आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करने का अभियान लगातार जारी है।


