बहादराबाद(नीति शर्मा)। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में रानीपुर विधानसभा के बहादराबाद मंडल में भारतीय जनता पार्टी द्वारा भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा का शुभारंभ पृथ्वीराज चौहान चौक से हुआ, जिसमें भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ एवं युवा कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
तिरंगा यात्रा बहादराबाद की विभिन्न कॉलोनियों एवं गांवों से होकर गुजरी। इस दौरान क्षेत्र “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारों से गूंज उठा। हाथों में तिरंगा लेकर चल रहे कार्यकर्ताओं और नागरिकों में राष्ट्रभक्ति का उत्साह स्पष्ट रूप से दिखाई दिया।

इस अवसर पर रानीपुर विधायक आदेश चौहान ने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता, गौरव और स्वाभिमान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि ऐसी यात्राएं नई पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति एवं देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करती हैं। विधायक ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत के आत्मनिर्भर और सशक्त राष्ट्र के रूप में उभरने की बात भी कही।
दायित्वधारी राज्यमंत्री नितिन गौतम ने कहा कि तिरंगा प्रत्येक भारतीय के सम्मान और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। भाजपा कार्यकर्ता राष्ट्रहित, जनसेवा और समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए समर्पित भाव से कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा ने कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार किया है।
यात्रा में जिला उपाध्यक्ष लव शर्मा, मंडल अध्यक्ष विपिन शर्मा, विशाल गर्ग, चित्रा शर्मा, चेतन चौहान, नीरज चौहान, नीति शर्मा, मनोज परालिया, प्रमोद पाल, आदित्य चौहान, सुमन स्वामी, मनोज पाल, राजीव चौहान, विनय चौहान, शोभित चौहान, चमन चौहान, नीरू कौशिक, विशाल चौहान सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, विभिन्न मोर्चों एवं प्रकोष्ठों के कार्यकर्ता तथा स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।


