नवरात्रि के शुभ अवसर पर शुरू हुआ स्वर्ण जयंती समारोह, टिहरी में पर्यटन विकास और रोजगार बढ़ाने पर दिया जोर
नरेंद्रनगर(अनिल शीर्षवाल)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को नरेंद्रनगर में 50वें सिद्धपीठ श्री कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले का ध्वजारोहण कर शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने सांस्कृतिक झांकियों का अवलोकन किया और विकास प्रदर्शनी का उद्घाटन कर विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने शहीद स्थल पर अमर शहीदों की प्रतिमाओं तथा स्वतंत्रता संग्राम शहीद स्मारक पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने मां कुंजापुरी के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्वलित कर पूजा-अर्चना भी की।
मुख्यमंत्री ने शारदीय नवरात्रि और मेले की स्वर्ण जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नवरात्रि के पावन अवसर पर मेले का शुभारंभ होना सुखद संयोग है। अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर उन्होंने बेटियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में कन्याओं को मां भगवती का स्वरूप माना गया है।

धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए कार्य किए जा रहे हैं। उत्तराखंड सरकार भी केदारखंड और मानसखंड के प्रमुख मंदिरों में सुविधाओं का विस्तार कर रही है, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिले।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान और परंपराओं के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने समान नागरिक संहिता, सशक्त भू-कानून, धर्मांतरण विरोधी कानून, दंगा रोधी कानून और नकल विरोधी कानून का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 13 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है।
टिहरी झील को पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना

मुख्यमंत्री ने टिहरी जनपद में संचालित विकास कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि टिहरी झील के चारों ओर रिंग रोड और पर्यटन मार्ग विकसित किए जा रहे हैं। झील क्षेत्र में जलक्रीड़ा, साहसिक पर्यटन और होमस्टे को प्रोत्साहित किया जा रहा है। इन गतिविधियों से स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं और क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को गति मिल रही है।
उन्होंने नरेंद्रनगर में राजकीय पॉलिटेक्निक के उच्चीकरण, केंद्रीय विद्यालय, विधि महाविद्यालय और सभागार निर्माण जैसी योजनाओं का उल्लेख किया। इसके साथ ही गजा अस्पताल के उच्चीकरण तथा लगभग 50 करोड़ रुपये की सीवर लाइन परियोजना को भी क्षेत्र के विकास से जुड़ा महत्वपूर्ण कार्य बताया।
आकर्षक झांकियों ने दर्शकों का मन मोहा
मेले के शुभारंभ अवसर पर विभिन्न विषयों पर आधारित आकर्षक सांस्कृतिक झांकियां प्रस्तुत की गईं। इनमें छोलिया नृत्य, गाडू घड़ा यानी तेल कलश की परंपरा, महिषासुर मर्दिनी, प्रह्लाद की भक्ति पर आधारित नरसिंह अवतार, मां कुंजापुरी, भारत की गौरवशाली बेटियां तथा बदलता एवं बढ़ता नरेंद्रनगर प्रमुख रहे। झांकियों में विद्यार्थियों और सांस्कृतिक दलों ने प्रतिभाग कर उत्तराखंड की लोक संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और सामाजिक विकास की झलक प्रस्तुत की।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, मेले के संस्थापक सुरेंद्र सिंह पांगती तथा नगर पालिका परिषद नरेंद्रनगर के अध्यक्ष राजेंद्र विक्रम पंवार ने भी विचार व्यक्त किए।

इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख नरेंद्रनगर दीक्षा राणा, नगर पंचायत अध्यक्ष तपोवन विनीता बिष्ट, ऋषिकेश के मेयर शंभू पासवान, नगर पंचायत अध्यक्ष गजा कुंवर सिंह चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, जिलाधिकारी टिहरी नितिका खण्डेलवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे, मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
50वें कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले का यह आयोजन धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और क्षेत्रीय विकास को एक मंच पर लाने का अवसर बना। मेले के माध्यम से स्थानीय लोककला, परंपराओं और पर्यटन की संभावनाओं को सामने लाने के साथ ही क्षेत्र की पहचान को व्यापक स्तर पर पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।



