रुड़की(श्रवण गिरी)।राजकीय प्राथमिक विद्यालय इमलीखेड़ा में संचालित ग्रीष्मकालीन समर कैंप का अनुश्रवण करने हेतु डायट रुड़की के प्राचार्य मैराज अहमद विद्यालय पहुंचे। उन्होंने समर कैंप में बच्चों द्वारा की जा रही शैक्षिक, भाषाई एवं रचनात्मक गतिविधियों का अवलोकन करते हुए विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद किया तथा उनकी सहभागिता की सराहना की।
समर कैंप के दौरान बच्चों द्वारा भाषा खेल, समूह गतिविधियां, संवाद अभ्यास एवं रचनात्मक प्रस्तुतियों में उत्साहपूर्वक सहभागिता की गई। प्राचार्य मैराज अहमद ने विद्यार्थियों से बातचीत करते हुए उनकी अभिव्यक्ति क्षमता, आत्मविश्वास एवं सीखने की जिज्ञासा की प्रशंसा की।
इस अवसर पर डायट प्राचार्य मैराज अहमद ने कहा कि
ग्रीष्मकालीन शिविर बच्चों के लिए केवल अवकाश का कार्यक्रम नहीं, बल्कि सीखने, संवाद करने और व्यक्तित्व विकास का सशक्त माध्यम है। इस प्रकार की गतिविधियां बच्चों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता और भाषाई दक्षता विकसित करती हैं। नई शिक्षा नीति के अनुरूप विद्यालयों में आनंदमय एवं गतिविधि आधारित शिक्षण अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने शिक्षकों की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालय स्तर पर इस प्रकार के नवाचारी प्रयास विद्यार्थियों को विद्यालय से भावनात्मक रूप से जोड़ते हैं तथा उनमें सीखने के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करते हैं।

विद्यालय की प्रधानाध्यापिका नीलम आर्या ने समर कैंप की विभिन्न गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि शिविर में बच्चों को भाषा, कला, खेल, संवाद एवं रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से सीखने के अवसर प्रदान किए जा रहे हैं।
इस दौरान शिक्षक राजीव कुमार शर्मा, मदन पाल एवं विनोद गोयल सहित विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर बच्चों की उत्साहपूर्ण सहभागिता और शैक्षिक गतिविधियों से जीवंत बना रहा।






