रुड़की/हरिद्वार(अनिल शीर्षवाल)। सहकारी निर्वाचन प्राधिकरण, उत्तराखंड ने जिला सहकारी बैंक हरिद्वार (रुड़की) के निदेशक मंडल, सभापति, उपसभापति तथा अन्य संस्थाओं को भेजे जाने वाले प्रतिनिधियों के निर्वाचन कार्यक्रम की घोषणा कर दी है। जारी कार्यालय ज्ञाप के अनुसार चुनाव प्रक्रिया 27 अगस्त से प्रारंभ होकर 8 सितंबर 2026 तक चलेगी।
निर्वाचन कार्यक्रम के तहत 27 अगस्त को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। मतदाता सूची पर आपत्तियां 29 अगस्त को प्राप्त की जाएंगी तथा 31 अगस्त को उनका निस्तारण कर अंतिम सूची जारी होगी। प्रबंध समिति के लिए नामांकन पत्रों की बिक्री एवं दाखिला 1 सितंबर को होगा। नामांकन पत्रों की जांच, आपत्तियों का निस्तारण तथा वैध प्रत्याशियों की सूची का प्रकाशन 2 सितंबर को किया जाएगा।
3 सितंबर को नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अंतिम प्रत्याशी सूची जारी की जाएगी तथा चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे। यदि आवश्यक हुआ तो 7 सितंबर को मतदान कराया जाएगा और मतदान समाप्ति के तुरंत बाद मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे।
इसके अतिरिक्त सभापति, उपसभापति एवं अन्य संस्थाओं के प्रतिनिधियों के निर्वाचन की प्रक्रिया 8 सितंबर को संपन्न होगी। आवश्यक होने पर उसी दिन मतदान, मतगणना एवं परिणामों की घोषणा की जाएगी।
सहकारी निर्वाचन प्राधिकरण के अध्यक्ष हंसा दत्त पाण्डे द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार सभी चुनावी कार्यवाही समिति मुख्यालय में निर्धारित समयानुसार संपन्न कराई जाएगी।


