हरिद्वार(अनिल शीर्षवाल)। सिडकुल थाना क्षेत्र में सत्यापन अभियान के दौरान पुलिसकर्मी से अभद्रता, मारपीट और सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में पुलिस ने एक महिला समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, विशेष शाखा अभिसूचना विभाग में तैनात आरक्षी मनोज सैनी ने 27 अगस्त को सिडकुल थाने में तहरीर देकर बताया कि सत्यापन अभियान के दौरान सूरज कुमार, समीर और अन्य लोगों ने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। आरोप है कि आरोपितों ने सरकारी दस्तावेज भी फाड़ दिए तथा झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। तहरीर के आधार पर सिडकुल थाने में मुकदमा दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस ने आरोपितों की तलाश शुरू की। 28 अगस्त को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने केविन केयर तिराहे के पास से चारों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपितों में समीर (22) निवासी नगीना, बिजनौर, हाल निवासी बैरियर नंबर छह रानीपुर, आशु (20) निवासी नगीना, बिजनौर, हाल निवासी बैरियर नंबर छह रानीपुर, सूरज कुमार (26) निवासी पटना, बिहार, हाल निवासी रोशनाबाद सिडकुल तथा 25 वर्षीय एक महिला निवासी लखीमपुर खीरी, हाल निवासी रोशनाबाद सिडकुल शामिल हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।


