हरिद्वार(नीति शर्मा)। भारत मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून द्वारा 10 जुलाई 2026 को जनपद हरिद्वार में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना व्यक्त किए जाने के बाद जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए सभी विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित कर दिया है।
जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष मयूर दीक्षित द्वारा जारी आदेश के अनुसार मौसम विभाग की चेतावनी तथा अत्यधिक वर्षा से उत्पन्न संभावित जोखिमों को देखते हुए आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 के तहत यह निर्णय लिया गया है।
आदेश के तहत जनपद हरिद्वार के समस्त राजकीय, परिषदीय, सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों तथा सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में 10 जुलाई 2026 (शुक्रवार) को एक दिन का अवकाश रहेगा। संबंधित विभागों को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोपरि है और मौसम की परिस्थितियों को देखते हुए यह कदम एहतियातन उठाया गया है। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
