काशीपुर(ब्यूरों)। गन्ना विकास परिषद काशीपुर कार्यालय में एससीडीआई बीरेंद्र कुमार चौधरी की अध्यक्षता में परिक्षेत्र अंतर्गत उधम सिंह नगर एवं नैनीताल जनपद के ब्लॉक प्रभारी अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जलप्लावित क्षेत्रों की स्थिति तथा गन्ना फसल को संभावित नुकसान के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई।
एससीडीआई बीरेंद्र कुमार चौधरी ने बताया कि सभी ब्लॉक प्रभारी एवं गन्ना विकास निरीक्षकों को अपने-अपने क्षेत्रों में जलभराव वाले स्थानों का निरीक्षण कर गन्ना फसल को हुए संभावित नुकसान का आकलन करते हुए रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। किसानों से जलभराव प्रभावित क्षेत्रों में शीघ्र जल निकासी सुनिश्चित करने का भी अनुरोध किया गया है।
उन्होंने कहा कि सभी गन्ना पर्यवेक्षक अपनी-अपनी सर्किलों में किसानों के लगातार संपर्क में रहेंगे तथा उन्हें गन्ना सर्वेक्षण संबंधी आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराएंगे। साथ ही किसानों को खाद, उर्वरक एवं कीटनाशकों पर उपलब्ध अनुदान योजनाओं की जानकारी देकर लाभान्वित किया जा रहा है।
बैठक में शरदकालीन गन्ना बुवाई की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। विभाग द्वारा किसानों की मांग के अनुरूप विभिन्न अनुसंधान केंद्रों से गुणवत्तायुक्त गन्ना बीज उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी। अधिकारियों ने किसानों को गन्ना फसल की ओर अधिक से अधिक प्रोत्साहित करने पर भी जोर दिया।
बैठक में ब्लॉक प्रभारी राकेश कुमार ने कोसी नदी के निकटवर्ती क्षेत्रों की स्थिति की समीक्षा प्रस्तुत की, जबकि गन्ना विकास निरीक्षक वीरेंद्र कुमार मौर्य ने रामनगर ब्लॉक तथा सुरेश सिंह ने काशीपुर ब्लॉक में वर्षा से संभावित नुकसान की रिपोर्ट रखी।
समीक्षा बैठक में वीरेंद्र कुमार मौर्य, दीपक कुमार शर्मा, योगेश चंद्र भट्ट, सोमपाल सिंह, सुभाष चंद्र सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
