हरिद्वार(अनिल शीर्षवाल)। जनपद में अपराध एवं अवांछित गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान सिटी हरिद्वार कोतवाली पुलिस ने नकली करेंसी के एक गिरोह का पर्दाफोड़ करते हुए चार शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 500-500 रुपये के कुल 169 नकली नोट बरामद किए हैं, जिनकी कुल कीमत 84,500 रुपये है।
एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस टीम बिल्केश्वर तिराहे के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मेला अस्पताल की ओर से आ रहे चार व्यक्तियों के हावभाव संदिग्ध दिखाई दिए। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा किए जाने पर चारों वापस मुड़कर तेज कदमों से जाने लगे। शक गहराने पर पुलिस ने उनका पीछा कर टिबड़ी तिराहे की ओर से दबोच लिया।

तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से बड़ी मात्रा में नकली नोट बरामद हुए। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने गुरदासपुर (पंजाब) निवासी एक व्यक्ति से 20 हजार रुपये में 500-500 रुपये के 200 नकली नोट खरीदे थे। वे इन नोटों को असली बताकर बाजार में चलाने के उद्देश्य से हरिद्वार आए थे। आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि उन्होंने एक दिन पूर्व कुछ नकली नोटों से बाजार में खरीदारी भी की थी।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सरजीत सिंह, टिंकू, सुमित कुमार और संजीव कुमार निवासी जिला गुरदासपुर, पंजाब के रूप में हुई है। सभी आरोपियों का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया।
एसएसपी नवनीत सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पूरे सिंडिकेट का खुलासा करने तथा नकली नोटों के सप्लायर की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और नेटवर्क की तलाश में जुट गई है।



