नरेंद्रनगर(गौरव कलौनी)। पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय, नरेंद्रनगर (टिहरी गढ़वाल) में सोमवार को प्रचलित उपनिरीक्षक (नागरिक पुलिस/अभिसूचना/गुल्मनायक) आधारभूत प्रशिक्षण के अंतर्गत प्रशिक्षणाधीन उपनिरीक्षकों के लिए “उत्तराखंड राजस्व विभाग में भूमि राजस्व प्रशासन” विषय पर विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में अपर जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल शैलेन्द्र सिंह नेगी ने प्रतिभागियों को उत्तराखंड की राजस्व प्रशासनिक व्यवस्था, भूमि अभिलेखों के रखरखाव, राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली तथा विभिन्न राजस्व संबंधी मामलों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने पुलिस एवं राजस्व विभाग के मध्य समन्वय की आवश्यकता पर बल देते हुए बताया कि भूमि विवाद, अतिक्रमण एवं अन्य राजस्व मामलों के प्रभावी निस्तारण में दोनों विभागों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
व्याख्यान के दौरान प्रशिक्षुओं को फील्ड ड्यूटी के समय आने वाली राजस्व संबंधी चुनौतियों से निपटने तथा प्रकरणों की बेहतर समझ विकसित करने के लिए व्यावहारिक एवं उपयोगी सुझाव भी दिए गए। प्रशिक्षुओं ने विषय से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।

पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय नरेंद्रनगर द्वारा प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से प्रशिक्षुओं को आधुनिक, व्यवहारिक एवं जनहित आधारित पुलिसिंग के लिए लगातार विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में प्रशिक्षित किया जा रहा है। महाविद्यालय प्रशासन का उद्देश्य पुलिस अधिकारियों को कानून व्यवस्था के साथ-साथ प्रशासनिक एवं राजस्व विषयों की भी समुचित जानकारी उपलब्ध कराना है, जिससे वे अपने कर्तव्यों का प्रभावी ढंग से निर्वहन कर सकें।



