चंडीगढ़ से कांवड़ यात्रा पर आए थे चारों युवक, स्नान के दौरान हुआ दर्दनाक हादसा
हरिद्वार(अनिल शीर्षवाल)। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र के जटवाड़ा पुल के पास शुक्रवार को गंगनहर में डूबने से चार कांवड़ियों की दर्दनाक मौत हो गई। सभी मृतक चंडीगढ़ निवासी बताए जा रहे हैं और कांवड़ यात्रा के दौरान हरिद्वार आए थे। मृतकों की उम्र लगभग 16 से 18 वर्ष के बीच बताई गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जटवाड़ा पुल के निकट गंगनहर में स्नान करते समय एक कांवड़िया अचानक गहरे गड्ढे में फंसकर डूबने लगा। उसे बचाने के प्रयास में उसके तीन साथी भी पानी में उतर गए, लेकिन गहराई का सही अंदाजा न होने के कारण वे भी तेज बहाव और गहरे पानी की चपेट में आ गए। देखते ही देखते चारों युवक गंगनहर में लापता हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। इसके बाद जल पुलिस, स्थानीय पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे और खोजबीन शुरू की। कई घंटों तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद चारों युवकों के शव गंगनहर से बरामद कर लिए गए।
बताया जा रहा है कि गंगनहर में सिल्ट सफाई कार्य के चलते जलस्तर कम था, जिसके कारण श्रद्धालु बीच धारा तक पहुंच गए थे। इसी दौरान गहरे गड्ढे में जाने से यह हादसा हो गया।
एसपी सिटी अभय सिंह ने बताया कि चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। घटना की सूचना मृतकों के परिजनों को दे दी गई है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
कांवड़ मेले के दौरान पुलिस और प्रशासन लगातार श्रद्धालुओं से केवल निर्धारित एवं सुरक्षित घाटों पर ही स्नान करने की अपील कर रहे हैं। अधिकारियों ने गंगा और गंगनहर की मुख्य धारा तथा गहरे पानी वाले क्षेत्रों में जाने से बचने का अनुरोध किया है, ताकि इस प्रकार की दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
