बहादराबाद(मनोज यादव)।स्थित एंजल्स एकेडमी सीनियर सेकेंड्री स्कूल में शिक्षक प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय के मूल्य चेतना प्रकोष्ठ के नोडल अधिकारी डॉ. विनय सेठी ने बतौर विशेषज्ञ सहभागिता की।
पॉवर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से डॉ. सेठी ने शिक्षकों को आधुनिक शिक्षण पद्धतियों, कक्षा प्रबंधन एवं अनुशासन बनाए रखने के महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में विद्यार्थियों को सटीक एवं प्रामाणिक जानकारी देना जितना आवश्यक है, उतना ही अनुशासित वातावरण बनाए रखना भी चुनौतीपूर्ण है। उन्होंने सीबीएसई व शिक्षा का अधिकार अधिनियम के दिशा-निर्देशों का उल्लेख करते हुए शिक्षकों के व्यवहार, धैर्य और सकारात्मक दृष्टिकोण पर जोर दिया।

उन्होंने श्रीमद्भगवद्गीता के श्लोकों का संदर्भ देते हुए कहा कि शिक्षक का आचरण ही विद्यार्थियों के लिए सबसे बड़ा प्रेरणा स्रोत होता है। शिक्षक केवल कक्षा तक सीमित नहीं, बल्कि समाज में भी आदर्श प्रस्तुत करने की जिम्मेदारी निभाते हैं।
विद्यालय की प्राचार्य रश्मि चौहान ने कार्यशाला को उपयोगी बताते हुए कहा कि ऐसे प्रशिक्षण सत्र शिक्षकों को नई दिशा प्रदान करते हैं। मैनेजिंग डायरेक्टर पुष्पेंद्र चौहान ने इसे महत्वपूर्ण पहल बताते हुए निरंतर ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही। उपप्राचार्य बीपी उपाध्याय ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
अंत में सभी शिक्षकों ने कार्यशाला को ज्ञानवर्धक बताते हुए इसे अपने शिक्षण में अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में विद्यालय के सभी शिक्षक एवं स्टाफ मौजूद रहे।



