दशहरा, वाल्मीकि जयंती और दीपावली पर सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा, आमजन से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील
कलियर(श्रवण गिरी)। आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पिरान कलियर पुलिस अलर्ट मोड पर है। इसी क्रम में 18 अक्टूबर 2026 को प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में पुलिस बल, पीएसी के जवानों और रिक्रूट आरक्षियों ने कलियर क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकाला।
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस टीम ने पीपल चौक, कलियर चौक, सद्दन चौक सहित विभिन्न प्रमुख स्थानों पर भ्रमण कर कानून-व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान एरिया डोमिनेशन की कार्रवाई करते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और आमजन में सुरक्षा का विश्वास कायम रखने का संदेश दिया गया।
पुलिस ने लोगों से दशहरा, वाल्मीकि जयंती और दीपावली के त्योहार आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। साथ ही कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करने का आग्रह किया।
पुलिस प्रशासन का उद्देश्य त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था को रोकना और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना है। फ्लैग मार्च के माध्यम से पुलिस ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।



