पिरान कलियर(श्रवण गिरी)। पुलिस मुख्यालय उत्तराखण्ड द्वारा संचालित “ऑपरेशन प्रहार” अभियान के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देशानुसार असामाजिक तत्वों एवं संदिग्ध व्यक्तियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में कोतवाली पिरान कलियर पुलिस ने क्षेत्र में शांति व्यवस्था भंग करने वालों पर सख्त कार्रवाई करते हुए सात लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार धनौरी एवं कलियर क्षेत्र में अलग-अलग विवादों के मामलों में कार्रवाई की गई। पहले मामले में धनौरी क्षेत्र में पंचायती जमीन पर कूड़ा डालने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद उत्पन्न हुआ, जिसमें दो लोगों को शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार किया गया।
दूसरे मामले में कलियर पीपल चौक के पास एक टेम्पू से व्यक्ति को ट्रैक्टर लगने के बाद वाहन चालक के साथ विवाद हो गया, जिसमें दो व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। वहीं तीसरे मामले में कलियर बाजार स्थित परी गेस्ट हाउस के सामने सड़क पर महिलाओं के बीच आपसी मतभेद, आरोप-प्रत्यारोप एवं विवाद की स्थिति उत्पन्न होने पर स्थानीय लोकशांति बनाए रखने के उद्देश्य से कार्रवाई की गई।
कोतवाली पिरान कलियर पुलिस ने कुल 07 लोगों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170 के अंतर्गत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस टीम में व0उ0नि0 देवेन्द्र सिंह तोमर, म0उ0नि0 विशाखा असवाल, उ0नि0 पुष्कर सिंह, म0हे0कानि0 दर्शन कौर, कानि0 प्रकाश मनराल, कानि0 विक्रम चौहान, म0कानि0 सोनम एवं हो0गा0 अमरीश कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।


