रामलीला कमेटी और आदर्श ड्रामेटिक क्लब के कलाकारों की मौजूदगी में भक्तिमय माहौल में निकली राम बारात
बहादराबाद(अनिल शीर्षवाल)। श्री रामलीला कमेटी बहादराबाद की ओर से सोमवार को राम बारात धूमधाम के साथ निकाली गई। राम बारात का शुभारंभ एडवोकेट कुलवंत सिंह चौहान ने किया। इस दौरान धार्मिक उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला।
इस अवसर पर एडवोकेट कुलवंत सिंह चौहान ने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन आदर्श, मर्यादा, त्याग और सत्य का प्रतीक है। उनके आदर्शों को अपनाकर समाज में प्रेम, सद्भाव और भाईचारे की भावना को मजबूत किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि रामलीला जैसे धार्मिक आयोजन हमारी संस्कृति और परंपराओं को सहेजने के साथ ही नई पीढ़ी को भगवान श्रीराम के आदर्शों से परिचित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने ऐसे आयोजनों को धार्मिक आस्था और सामाजिक एकता का प्रतीक बताते हुए कहा कि इनसे समाज में सकारात्मक संदेश का प्रसार होता है।
राम बारात के दौरान श्री रामलीला कमेटी के सदस्य और आदर्श ड्रामेटिक क्लब के समस्त कलाकार मौजूद रहे।




