धनौरी(श्रवण गिरी)। सरकार भले ही प्रदेश की सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने के दावे कर रही हो, लेकिन धरातल पर कई क्षेत्रों की तस्वीर इसके विपरीत नजर आ रही है। धनौरी क्षेत्र के दौलतपुर गांव से कृषि विज्ञान केंद्र को जोड़ने वाला करीब तीन किलोमीटर लंबा मार्ग इन दिनों बदहाली की मार झेल रहा है। बरसात के चलते सड़क जगह-जगह बड़े गड्ढों और कीचड़ में तब्दील हो चुकी है, जिससे ग्रामीणों और स्कूली बच्चों का आवागमन मुश्किल हो गया है।
ग्रामीणों के अनुसार बारिश के दौरान मार्ग की स्थिति इतनी खराब हो जाती है कि पैदल चलना तक चुनौती बन जाता है। सबसे अधिक परेशानी स्कूल जाने वाले बच्चों को उठानी पड़ रही है। कई बार बच्चे कीचड़ और गड्ढों में फिसलकर गिर जाते हैं, जिससे उन्हें चोट लगने के साथ-साथ उनकी वर्दी भी खराब हो जाती है।
इतना ही नहीं, ग्रामीणों को खेतों से चारा और अन्य कृषि सामग्री लाने-ले जाने में भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बैलगाड़ी और भैंसागाड़ी अक्सर सड़क के गड्ढों में फंस जाती हैं, जिससे पशुओं के चोटिल होने की घटनाएं भी सामने आती रहती हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि मार्ग की दुर्दशा को लेकर कई बार जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभागीय अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। लोगों का कहना है कि सड़क की हालत लगातार खराब होती जा रही है और यदि जल्द मरम्मत नहीं कराई गई तो किसी बड़े हादसे की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता।
ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि दौलतपुर से कृषि विज्ञान केंद्र तक के इस महत्वपूर्ण मार्ग की तत्काल मरम्मत कराई जाए या फिर इसका स्थायी निर्माण कराया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके और बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित हो सके।

