हरिद्वार(अनिल शीर्षवाल)।हरिद्वार जिले में सोमवार को दिनदहाड़े एक सरकारी डॉक्टर पर फायरिंग की सनसनीखेज घटना सामने आई है। बाइक सवार दो अज्ञात युवकों ने चलती कार पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि इस हमले में डॉक्टर और उनका परिवार सुरक्षित बच गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, लक्सर कोतवाली क्षेत्र के दाबकी कलां निवासी सुमित कुमार, जो वर्तमान में कोटद्वार अस्पताल में तैनात सरकारी डॉक्टर हैं, सोमवार दोपहर करीब 12 बजे अपने परिवार के साथ कार से भिक्कमपुर स्थित ससुराल जा रहे थे।
बताया गया कि जैसे ही उनकी कार बॉडी टीप गांव के पास पहुंची, तभी बाइक पर सवार दो युवक कार के पास आए और अचानक फायरिंग शुरू कर दी। हमले से घबराकर मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान आसपास के ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े, जिन्हें देखकर आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। हमले के पीछे के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।


