देहरादून(नेहा शर्मा)। उत्तराखंड सक्षम द्वारा 28 अप्रैल 2026 को झाझरा, देहरादून में “धीमहि दिव्यांग सेवा केंद्र” का भव्य उद्घाटन किया जाएगा। इस अवसर पर दिव्यांगजनों के हित में एक वृहद सेवा शिविर का भी आयोजन किया जा रहा है, जिसमें विभिन्न प्रकार की सहायता एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा।
कार्यक्रम में प्रदेशभर के दिव्यांगजन, उनके परिजन, दिव्यांगों के लिए कार्य करने वाली संस्थाएं, समाजसेवी एवं सक्षम संगठन के सभी दायित्वधारी व कार्यकर्ता आमंत्रित किए गए हैं। आयोजन को सफल बनाने के लिए सक्षम के कार्यकर्ता लगातार तैयारियों में जुटे हुए हैं।
इस कार्यक्रम के मुख्य वक्ता उत्तराखंड के प्रांत प्रचारक डॉ. शैलेन्द्र जी होंगे, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश सरकार के वरिष्ठ कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल शामिल होंगे।
प्रांतीय अध्यक्ष सक्षम उत्तराखंड ललित पंत ने सभी से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है। साथ ही उन्होंने कार्यक्रम की तैयारियों में लगे सभी कार्यकर्ताओं का हृदय से आभार व्यक्त किया है।


