धनौरी(श्रवण गिरी)। कलियर विधानसभा के पतंजलि मंडल क्षेत्र स्थित हरी आश्रय कॉलोनी में विधानसभा संयोजक मुनीश सैनी के नेतृत्व में रक्षा सूत्र कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हजारों महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर भाई-बहन के पवित्र रिश्ते, प्रेम और विश्वास का संदेश दिया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने रक्षा सूत्र बांधकर सामाजिक समरसता और महिला सम्मान का संदेश दिया। बड़ी संख्या में महिलाओं की मौजूदगी से कार्यक्रम स्थल पूरी तरह भरा रहा।
विधानसभा संयोजक मुनीश सैनी ने कहा कि रक्षा सूत्र केवल एक धागा नहीं, बल्कि भाई-बहन के स्नेह, विश्वास और जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की मातृशक्ति का सम्मान और उनका आशीर्वाद उनके लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा तथा महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के लिए निरंतर कार्य किए जाएंगे।

कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि भारतीय संस्कृति में रक्षा सूत्र का विशेष महत्व है। यह पर्व भाई-बहन के रिश्ते को मजबूत करने के साथ-साथ समाज में प्रेम, सम्मान और भाईचारे की भावना को बढ़ावा देता है। उन्होंने कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं की सहभागिता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए आयोजकों को बधाई दी।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष रुड़की डॉ. मधु सिंह, जिला महामंत्री सागर गोयल, मंडल अध्यक्ष सुरेश सैनी, पूर्व मंडल अध्यक्ष पंकज पाल, ओबीसी मोर्चा के आदित्य रोड, सावन कुमार, मुकेश रोड, महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष पूनम देवी, नीतू त्यागी, मंडल मंत्री अभिनव सैनी, सतेंद्र गिरी, डॉ. तिरवेश सैनी, अनिल गिरी, सीमा, अमन गिरी सहित हजारों कार्यकर्ता, पदाधिकारी एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

