धनौरी(श्रवण गिरी)। धनौरी वन बीट क्षेत्र में बेशकीमती खैर के पेड़ों पर वन तस्करों की नजर लगातार बनी हुई है। ताजा मामले में कांवड़ पटरी के समीप वन तस्करों ने एक खैर के पेड़ को काटकर उसके टुकड़े कर दिए। इसी दौरान गश्त कर रही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई, जिसे देखकर तस्कर लकड़ी छोड़कर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार वन विभाग की टीम क्षेत्र में नियमित गश्त कर रही थी। गश्त के दौरान वनकर्मियों की नजर कांवड़ पटरी के पास काटे गए खैर के पेड़ पर पड़ी। मौके पर पेड़ के कई टुकड़े किए जा चुके थे और उन्हें बाहर ले जाने की तैयारी चल रही थी। वन विभाग की टीम को देखते ही आरोपी मौके से भाग निकले।
वनकर्मियों ने तत्काल मामले की सूचना अधिकारियों को दी। सूचना मिलने पर वन विभाग के अधिकारी एवं एसओजी टीम मौके पर पहुंची और आसपास के वन क्षेत्र में सर्च अभियान चलाया गया। हालांकि आरोपी तब तक फरार हो चुके थे। वन विभाग ने काटी गई लकड़ी को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
क्षेत्रीय वन दरोगा इंद्र सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। फरार आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है। दोषियों के खिलाफ वन अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

