हरिद्वार(नीति शर्मा)। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने 04 सितंबर को जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से मजिस्ट्रेटों की तैनाती के आदेश जारी किए हैं।
जन्माष्टमी के अवसर पर मंदिरों में झांकियां, भजन-कीर्तन, पूजा-अर्चना और धार्मिक कार्यक्रमों के साथ कई स्थानों पर शोभायात्राएं भी निकाली जाएंगी। श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया है।
जिलाधिकारी ने सभी तैनात मजिस्ट्रेटों को पुलिस अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने तथा गृह मंत्रालय और राज्य सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी और सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने या अराजकता फैलाने की किसी भी कोशिश पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासनिक आदेश के तहत नगर मजिस्ट्रेट हरिद्वार को नगर क्षेत्र, संयुक्त मजिस्ट्रेट रुड़की को रुड़की सब-डिवीजन तथा संबंधित उप जिलाधिकारियों और तहसीलदारों को अपने-अपने क्षेत्रों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। आवश्यकता पड़ने पर नायब तहसीलदारों की भी तैनाती की जा सकेगी।
डीएम ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध कराने, विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति, जल संस्थान एवं पेयजल निगम को सुचारु पेयजल व्यवस्था तथा नगर निगम हरिद्वार और रुड़की को विशेष सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सभी अधिकारियों को जन्माष्टमी पर्व के दौरान पूरी सतर्कता, समन्वय और जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा है।


