हरिद्वार(अमित शर्मा)। जनपद में चल रहे हरित हरिद्वार अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए इसकी समयावधि 15 सितंबर 2026 तक बढ़ा दी गई है। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में मानसून समाप्त होने से पहले मिशन मोड में वृक्षारोपण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए।
मेलाधिकारी कुंभ सोनिका और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की पहल पर अभियान की अवधि बढ़ाने का निर्णय लिया गया। मुख्य विकास अधिकारी ने सभी विभागों को व्यापक स्तर पर पौधारोपण अभियान चलाने तथा आमजन को इसमें सक्रिय रूप से जोड़ने के निर्देश दिए। वन विभाग और एचआरडीए ने बताया कि जनपद में सजावटी एवं वन प्रजातियों के पर्याप्त पौधे उपलब्ध हैं, जिन्हें विभिन्न विभागों को उपलब्ध कराया जाएगा।
बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों में जिला पंचायत राज विभाग और शहरी क्षेत्रों में नगर निकायों के माध्यम से वृक्षारोपण अभियान को गति देने पर जोर दिया गया। साथ ही स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

सीडीओ ने 5 सितंबर को शिक्षक दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले “एक पेड़ गुरु के नाम” अभियान को सफल बनाने के लिए मुख्य शिक्षा अधिकारी को सभी विद्यालयों में विशेष वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित कराने और आवश्यक पौधों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
आगामी कुंभ मेले को देखते हुए नगर क्षेत्रों में आंवला, पीपल, नीम और बरगद जैसे ऑक्सीजन देने वाले पौधों का रोपण कर ऑक्सीजन लेन विकसित करने की योजना पर भी चर्चा की गई। बैठक में सभी विभागों को निर्देश दिए गए कि प्रत्येक वृक्षारोपण की जानकारी और फोटो हरित हरिद्वार एप पर अनिवार्य रूप से अपलोड की जाए।
बैठक में जिला प्रोबेशन अधिकारी अविनाश भदौरिया, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी नलिनी ध्यानी, मुख्य उद्यान अधिकारी तेजपाल सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

