हरिद्वार(नीति शर्मा)। जनपद हरिद्वार के सभी राजकीय, अशासकीय एवं निजी माध्यमिक तथा प्रारम्भिक विद्यालयों के संचालन समय में संशोधन किया गया है। प्रभारी मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित चन्द ने जानकारी देते हुए बताया कि पूर्व में जारी आदेश के अनुसार विद्यालयों का समय 01 अक्टूबर 2026 से प्रातः 08:45 बजे से अपराह्न 03:10 बजे तक निर्धारित किया गया था।
उन्होंने बताया कि जनपद की भौगोलिक परिस्थितियों, विभिन्न विद्यालयी संघों के अनुरोध तथा जिलाधिकारी हरिद्वार के निर्देशों के अनुपालन में विद्यालयों के समय में बदलाव किया गया है। संशोधित आदेश के अनुसार जनपद के सभी राजकीय, अशासकीय एवं निजी माध्यमिक तथा प्रारम्भिक विद्यालय अब 15 अक्टूबर 2026 तक प्रातः 07:45 बजे से अपराह्न 02:10 बजे तक संचालित होंगे।
प्रभारी मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित चन्द ने स्पष्ट किया कि यह संशोधित समय-सारणी 15 अक्टूबर 2026 तक प्रभावी रहेगी। उन्होंने कहा कि विद्यालय संचालन से संबंधित अन्य सभी शर्तें एवं निर्देश पूर्ववत लागू रहेंगे।

