देहरादून(नीति शर्मा)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में लोकपर्व इगास की पूर्व संध्या पर आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पूरे उत्साह से इगास पर्व मनाया और पारंपरिक रूप से भैलो खेलकर उत्तराखण्ड की समृद्ध लोक परंपराओं का निर्वहन किया। कार्यक्रम में लोकनृत्य, लोकगीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उत्तराखण्ड की विशिष्ट सांस्कृतिक विरासत की सुंदर झलक प्रस्तुत की।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायकगण, जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। पारंपरिक वेशभूषा, लोकधुनों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से पूरा वातावरण उत्सवमय हो गया।
मुख्यमंत्री धामी ने प्रदेशवासियों को इगास पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इगास उत्तराखण्ड की लोक संस्कृति, आस्था, परंपरा और सामूहिक उल्लास का प्रतीक है। यह पर्व हमें अपनी जड़ों, मिट्टी और पूर्वजों की गौरवशाली विरासत से जोड़ता है। लोकपर्व केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक पहचान और सामाजिक एकजुटता के प्रतीक हैं।

उन्होंने कहा कि संस्कृति को केवल पुस्तकों और आयोजनों तक सीमित न रखकर घरों, गांवों और सामाजिक जीवन में अपनाना होगा। परिवारों में बच्चों को त्योहारों के ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्व की जानकारी देनी चाहिए तथा पारंपरिक मेलों और आयोजनों में युवाओं की भागीदारी बढ़ानी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने प्रवासी उत्तराखण्डियों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि देश-दुनिया में रह रहे प्रदेश के लोग पारंपरिक त्योहारों के आयोजन से उत्तराखण्ड की सांस्कृतिक पहचान को आगे बढ़ा रहे हैं। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी जन्मभूमि और पैतृक गांवों से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश की लोककलाओं, पारंपरिक मेलों, लोकभाषाओं और ऐतिहासिक परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। सांस्कृतिक धरोहर हमारी अमूल्य पूंजी है और इसका संरक्षण समाज के प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि इगास सहित सभी पारंपरिक लोकपर्वों को श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाएं। साथ ही स्थानीय लोककलाकारों, शिल्पकारों और पारंपरिक उत्पादों को प्रोत्साहित कर उत्तराखण्ड की सांस्कृतिक विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाएं।



