देहरादून(हरिशंकर सिंह सैनी)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को लखनऊ में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों मुख्यमंत्रियों के बीच उत्तराखण्ड एवं उत्तर प्रदेश के मध्य सिंचाई विभाग सहित विभिन्न विभागों से संबंधित लंबित परिसंपत्ति विवादों के समाधान तथा पूर्व में लिए गए निर्णयों के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
भेंट के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने बनबसा बैराज एवं नगरा बाईपास नहर की मरम्मत का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। इसके साथ ही झनकैया पुल और सूखा पुल सहित सिंचाई विभाग के अंतर्गत आने वाले पुराने एवं जर्जर पुलों की मरम्मत, सुदृढ़ीकरण और आवश्यकतानुसार पुनर्निर्माण की मांग की। उन्होंने इन कार्यों को जनहित से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय बताते हुए प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि बनबसा बैराज, नगरा बाईपास नहर और संबंधित पुलों की मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण से स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा, आवागमन और सिंचाई सुविधाओं में सुधार होगा। इन कार्यों के शीघ्र क्रियान्वयन से स्थानीय लोगों के साथ-साथ किसानों को भी लाभ मिलेगा। इसके लिए दोनों राज्यों के संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है।

बैठक में सिंचाई विभाग के अतिरिक्त अन्य विभागों से संबंधित परिसंपत्तियों के बंटवारे, हस्तांतरण और लंबित प्रकरणों के निस्तारण पर भी विचार-विमर्श किया गया। दोनों मुख्यमंत्रियों ने पूर्व में बनी सहमति के अनुरूप हुई प्रगति की समीक्षा करते हुए शेष मामलों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखण्ड और उत्तर प्रदेश के बीच आपसी सहयोग, सकारात्मक संवाद और निरंतर समन्वय से परिसंपत्तियों के बंटवारे से जुड़े कई महत्वपूर्ण मामलों का समाधान हुआ है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि शेष लंबित विषयों का भी आपसी सहमति और सहयोग से शीघ्र निस्तारण होगा।
इस दौरान मुख्यमंत्री धामी ने परिसंपत्तियों से जुड़े विभिन्न मामलों के समाधान में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा दिए जा रहे सहयोग के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि दोनों राज्यों के बीच बेहतर समन्वय से जनहित से जुड़े विषयों का समाधान सुनिश्चित करने के प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।



