देहरादून(गौरव कलौनी)। पत्रकारों के हितों की रक्षा, पत्रकारिता की गरिमा एवं स्वतंत्रता को सशक्त बनाने तथा पत्रकार कल्याण से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से शासन-प्रशासन तक पहुंचाने के उद्देश्य से वॉयस ऑफ मीडिया ने उत्तराखंड प्रदेश संगठन की नई कार्यकारिणी का गठन किया है। संगठन ने प्रदेशभर के पत्रकारों को एक मजबूत मंच उपलब्ध कराने और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया है।
नवगठित कार्यकारिणी में वेणीराम उनियाल को प्रदेशाध्यक्ष, दिनेश पाल गुसाईं को नार्थ जोन अध्यक्ष तथा जीवन सिंह बिष्ट को साऊथ जोन अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं गब्बर सिंह, ओम प्रकाश केदार खंडी, लता केसी और बीर सिंह राणा को प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
संगठन में दिनेश सिंह पंवार को महासचिव, गौरव कलौनी को सहसचिव तथा सुनील जुयाल को प्रदेश कोषाध्यक्ष बनाया गया है। इसके अलावा पवन बाटला और वीरेन्द्र सिंह राणा को कार्यकारी सहायक, पूनम बढ़ियार, गुलाब सिंह नेगी, अंकित तिवारी और मुरार कंडारी को संगठक, प्रदीप कुमार को प्रवक्ता तथा अनिल कुमार को जनसंपर्क प्रमुख की जिम्मेदारी दी गई है। अमर थापा, रंजना गुसाईं और प्रियंका रावत को प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य बनाया गया है।
प्रदेशाध्यक्ष वेणीराम उनियाल ने कहा कि संगठन पत्रकारों के अधिकारों, सम्मान और सुरक्षा के लिए मजबूती से कार्य करेगा। उन्होंने पत्रकार कल्याण कोष के गठन, सामाजिक सुरक्षा तथा पत्रकारों के हितों से जुड़े मुद्दों को सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाने की बात कही।
नार्थ जोन अध्यक्ष दिनेश पाल गुसाईं ने कहा कि पर्वतीय एवं दूरस्थ क्षेत्रों में कार्यरत पत्रकार अनेक चुनौतियों का सामना करते हैं। संगठन ऐसे पत्रकारों की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाएगा और उन्हें सम्मानजनक कार्य वातावरण दिलाने के लिए प्रयास करेगा।
साऊथ जोन अध्यक्ष जीवन सिंह बिष्ट ने पत्रकारों की एकजुटता पर बल देते हुए कहा कि लोकतंत्र के इस महत्वपूर्ण स्तंभ के अधिकारों और सम्मान की रक्षा के लिए संगठन प्रदेशभर में सहयोग और समन्वय को मजबूत करेगा।
महासचिव दिनेश सिंह पंवार ने कहा कि संगठन केवल पदों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पत्रकारों की वास्तविक समस्याओं के समाधान के लिए धरातल पर कार्य करेगा। पत्रकारों के प्रशिक्षण, सामाजिक सुरक्षा, मान्यता और छोटे एवं क्षेत्रीय समाचार संस्थानों से जुड़े पत्रकारों के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
संगठक पूनम बढ़ियार ने कहा कि संगठन का उद्देश्य पत्रकारों को जोड़ने के साथ-साथ पत्रकारिता की गरिमा और जनविश्वास को मजबूत करना भी है। महिला पत्रकारों सहित प्रदेश के सभी पत्रकारों को संगठन से जोड़कर सकारात्मक और सहयोगात्मक वातावरण तैयार किया जाएगा।
संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि वर्तमान समय में पत्रकारिता के सामने आर्थिक असुरक्षा, स्वास्थ्य सुविधाओं, बीमा, आवास, मान्यता और रोजगार से जुड़ी कई चुनौतियां हैं। वॉयस ऑफ मीडिया इन मुद्दों को मजबूती से उठाते हुए पत्रकार हितों की रक्षा के लिए प्रभावी पैरवी करेगा।
नवगठित प्रदेश कार्यकारिणी से पत्रकारों में नई उम्मीद जगी है और माना जा रहा है कि संगठन आने वाले समय में पत्रकार कल्याण एवं पत्रकारिता से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर प्रदेश में प्रभावी भूमिका निभाएगा।

