शराब पार्टी के दौरान विवाद बना हत्या की वजह, पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर मोटरसाइकिल बरामद की
हरिद्वार(अनिल शीर्षवाल)। मंगलौर कोतवाली क्षेत्र में रजवाहे में मिले युवक के शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस जांच में सामने आया कि युवक की हत्या उसके ही दो दोस्तों ने पैसों के लेनदेन और वीडियो बनाने को लेकर हुए विवाद के बाद कर दी थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।
पुलिस के अनुसार 23 अगस्त को ग्राम टिकोला के रजवाहे में एक अज्ञात शव मिलने की सूचना मिली थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। घटनास्थल से वैज्ञानिक एवं भौतिक साक्ष्य जुटाए गए। जांच के दौरान मृतक की पहचान कपिल पुत्र मेघपाल निवासी ग्राम टिकोला, कोतवाली मंगलौर के रूप में हुई।
मृतक के भाई अमित कुमार की तहरीर पर पुलिस ने रितिक और उसके एक साथी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत मुकदमा दर्ज किया। एसएसपी के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने मामले की गहन जांच करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रितिक पंवार पुत्र धीर सिंह तथा दीपक पंवार पुत्र सुरेश निवासी ग्राम जटौली तैय्यबपुर बड़ा, थाना देवबंद, जनपद सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।
पुलिस जांच में पता चला कि मृतक कपिल और दोनों आरोपी आपस में दोस्त थे तथा उनके बीच पैसों का लेनदेन भी था। कपिल ने आरोपियों से करीब 15 हजार रुपये उधार लिए थे और 700 रुपये के कपड़े भी खरीदे थे। घटना वाले दिन दोनों आरोपियों ने कपिल को टिकोला पुलिया के पास बुलाया, जहां तीनों ने साथ बैठकर शराब पी।
इसी दौरान कपिल ने मोबाइल फोन निकालकर दोनों की वीडियो बनाने की बात कही, जिस पर विवाद शुरू हो गया। विवाद बढ़ने पर दोनों आरोपियों ने कपिल की हत्या कर दी और शव को रजवाहे में फेंक दिया। इसके बाद आरोपी मोटरसाइकिल से मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया तथा वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर ली। पुलिस ने दोनों आरोपियों का चालान कर न्यायालय में पेश कर दिया है।





