हरिद्वार(नीति शर्मा)। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत हरिद्वार जनपद में पात्रता सूची के पुनरीक्षण का कार्य तेज कर दिया गया है। विकासखंड स्तर पर चल रही जांच में अब तक 419 अपात्र लाभार्थी चिन्हित किए गए हैं, जिन्हें सूची से हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
मुख्य विकास अधिकारी के निर्देश पर अपात्र परिवारों को सूची से बाहर करने और छूटे हुए पात्र परिवारों को शामिल करने की कार्रवाई की जा रही है। 18 अगस्त 2026 तक आपत्तियां और शिकायतें दर्ज कराने की अवधि में जनपद की ग्राम पंचायतों से कुल 2,282 आपत्तियां प्राप्त हुईं। इनमें से 943 का निस्तारण किया जा चुका है, जबकि 1,340 मामलों की जांच अभी जारी है।
जांच के दौरान ऐसे परिवारों को भी चिन्हित किया जा रहा है जो पूर्व सर्वेक्षण में छूट गए थे या किसी कारणवश सूची से बाहर हो गए थे। सत्यापन के बाद पात्र पाए जाने पर उन्हें योजना का लाभ देने के लिए अलग से सूचीबद्ध किया जाएगा।
मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि किसी भी स्थिति में अपात्र व्यक्ति को योजना का लाभ न मिले। आवास स्वीकृति से पहले ही अपात्र पाए जाने वाले लाभार्थियों के नाम सूची से विलोपित कर दिए जाएंगे।


