नानकमत्ता(हरिशंकर सैनी)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत गुरुद्वारा श्री नानकमत्ता साहिब परिसर में आयोजित स्वच्छता कार्यक्रम में प्रतिभाग कर श्रमदान किया। उन्होंने स्वयं साफ-सफाई कर लोगों को स्वच्छता को जीवनशैली का हिस्सा बनाने का संदेश दिया।

इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने गुरुद्वारा श्री नानकमत्ता साहिब में मत्था टेककर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से मुख्यमंत्री को सरोपा एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि धार्मिक स्थलों की पवित्रता बनाए रखने के साथ-साथ अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखना प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण राज्य है, जहां देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों, बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों, अस्पतालों, सरकारी कार्यालयों तथा अन्य सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयास आवश्यक हैं।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के प्रति समर्पण का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में सेवा, स्वच्छता और जनभागीदारी की भावना को नई मजबूती मिली है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस 17 सितंबर से प्रदेशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है, जिसके अंतर्गत सेवा, जनभागीदारी, संवाद और नवाचार से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। गुरुद्वारा श्री नानकमत्ता साहिब में आयोजित स्वच्छता कार्यक्रम भी इसी अभियान का हिस्सा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता किसी एक दिन या अभियान तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे जनभागीदारी के माध्यम से निरंतर आगे बढ़ाया जाना चाहिए। प्रत्येक नागरिक को अपने आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने में सक्रिय योगदान देना चाहिए।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रेम सिंह टुरना, पूर्व विधायक प्रेम सिंह राणा, गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष सरदार जोगेंद्र सिंह, महासचिव सरदार अमरजीत सिंह बोपराय, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी सहित गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।



