धनौरी(श्रवण गिरी)। खेतों में लगे कई ट्यूबवेलों से सामान चोरी होने की घटना को करीब 25 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस अज्ञात चोरों तक नहीं पहुंच सकी है। चोरी का खुलासा नहीं होने से क्षेत्र के किसानों में चिंता का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार करीब 25 दिन पूर्व अज्ञात चोरों ने कई खेतों में लगे ट्यूबवेलों को निशाना बनाते हुए वहां से कीमती सामान चोरी कर लिया था। घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीणों और किसानों ने मामले की सूचना धनौरी पुलिस चौकी को दी थी।
किसानों का कहना है कि घटना की सूचना दिए जाने के बावजूद अभी तक मामले का खुलासा नहीं हो सका है। लंबे समय से कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आने के कारण किसानों की चिंता लगातार बढ़ रही है। किसानों को आशंका है कि यदि चोरों पर अंकुश नहीं लगाया गया तो खेतों में लगे अन्य ट्यूबवेल भी उनके निशाने पर आ सकते हैं।
किसानों ने पुलिस से खेतों में रात्रि गश्त बढ़ाने, पूर्व में हुई चोरी की घटनाओं की जांच तेज करने, अज्ञात चोरों का पता लगाने तथा चोरी हुए सामान की बरामदगी की मांग की है।
अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले में कब तक जांच पूरी कर चोरी की घटना का खुलासा करती है।





