रुड़की(नीति शर्मा)। विश्व पेपर बैग दिवस के अवसर पर 84 यूके बटालियन एनसीसी, रुड़की के तत्वावधान में मैथोडिस्ट गर्ल्स पीजी कॉलेज की एनसीसी इकाई द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का संचालन एनसीसी सीटीओ वंदना चौहान के नेतृत्व में किया गया।
कमान अधिकारी कर्नल जगदीश अलमिया के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम में भीषण वर्षा के बावजूद एनसीसी कैडेट्स ने अपने-अपने घरों से उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। कैडेट्स ने अपशिष्ट कागज का पुनर्चक्रण कर विभिन्न उपयोगी एवं आकर्षक वस्तुओं का निर्माण किया तथा कागज के विवेकपूर्ण उपयोग, वृक्ष संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन का संदेश दिया।
कैडेट्स ने अपने आसपास के लोगों को पेपर बैग एवं अन्य पर्यावरण-अनुकूल बैगों के उपयोग के लिए प्रेरित किया। साथ ही प्लास्टिक बैग के दुष्प्रभावों की जानकारी देकर एकल-उपयोग प्लास्टिक का त्याग करने और पर्यावरण हितैषी विकल्प अपनाने का आह्वान किया।
महाविद्यालय की प्रबंधिका मिस जे. सिंह एवं प्राचार्या डॉ. अमिता श्रीवास्तव ने एनसीसी कैडेट्स के इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे रचनात्मक अभियान युवाओं में पर्यावरणीय उत्तरदायित्व की भावना विकसित करते हैं तथा समाज को सकारात्मक दिशा प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम के सफल संचालन एवं मार्गदर्शन में एनसीसी ट्रेनिंग अधीक्षक रवि कपूर का महत्वपूर्ण योगदान रहा। एनसीसी इकाई ने भविष्य में भी पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक जागरूकता से जुड़े जनहितकारी कार्यक्रमों को निरंतर आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया।
