चुड़ियाला(विश्वास चौधरी)।भगवानपुर ब्लॉक स्थित राष्ट्रीय इंटर कॉलेज भलसवागाज का बृहस्पतिवार को जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) हरिद्वार अभिषेक शुक्ला ने निरीक्षण किया। हरिद्वार में जिला शिक्षा अधिकारी का पदभार ग्रहण करने के बाद कॉलेज में उनके प्रथम आगमन पर प्रधानाचार्य जितेंद्र सिंह पुण्डीर ने उनका स्वागत किया।
निरीक्षण के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी ने छात्र संख्या, शिक्षक उपस्थिति रजिस्टर, मध्यान्ह भोजन व्यवस्था, पाठ्यपुस्तक एवं नोटबुक वितरण तथा विद्यालय परिसर की साफ-सफाई का जायजा लिया। उन्होंने विद्यालय प्रशासन को निर्देशित किया कि “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के प्रति छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को जागरूक करते हुए अधिक से अधिक पौधारोपण के लिए प्रेरित किया जाए। साथ ही सरकार द्वारा संचालित छात्रवृत्ति परीक्षाओं एवं खेल गतिविधियों में विद्यार्थियों की सहभागिता बढ़ाने पर भी जोर दिया।
जिला शिक्षा अधिकारी अभिषेक शुक्ला ने बताया कि निरीक्षण के दौरान सभी शिक्षक अपनी-अपनी कक्षाओं में उपस्थित मिले तथा छात्रों की उपस्थिति संतोषजनक पाई गई। सभी विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तकें एवं नोटबुक उपलब्ध थीं तथा मध्यान्ह भोजन योजना के तहत निर्धारित मानकों के अनुरूप भोजन तैयार किया जा रहा था।
इस अवसर पर पूर्व सीआरसी विनय त्यागी, अंजू त्यागी, दिग्विजय सिंह, अश्विनी कुमार, मोहिनी पुण्डीर, दुर्वेश त्यागी, मुकुल चौहान, राजेश कुमार, विश्वास चौधरी, गीता रौतेला, सुनील कुमार, प्रदीप कुमार, संगीता, मोनिका, मीनू, बसंत अष्टवाल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
