रुड़की(नीति शर्मा)। मैथोडिस्ट गर्ल्स पी.जी. कॉलेज, रुड़की के प्रांगण में आज आई.आई.टी. रुड़की के सहयोग से ‘स्वयं (SWAYAM) एवं MOOC ऑनलाइन पाठ्यक्रमों’ पर एक जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में महाविद्यालय की छात्राओं एवं प्रवक्ताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्रबंधिका मिस जे. सिंह एवं प्राचार्या डॉ. अमिता श्रीवास्तव द्वारा अतिथियों का स्वागत कर किया गया। इसके उपरांत आई.आई.टी. रुड़की की डॉ. श्रुति भारद्वाज ने स्वयं एवं MOOC ऑनलाइन पाठ्यक्रमों की उपयोगिता, पंजीकरण प्रक्रिया, प्रमाणपत्र, शैक्षणिक लाभ तथा रोजगारपरक अवसरों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी छात्राओं के साथ साझा की। उन्होंने विद्यार्थियों को डिजिटल शिक्षा के विभिन्न आयामों से परिचित कराते हुए अधिकाधिक ऑनलाइन पाठ्यक्रमों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को ऑनलाइन शिक्षा के नवीन अवसरों से अवगत कराना तथा उन्हें राष्ट्रीय स्तर के गुणवत्तापूर्ण पाठ्यक्रमों से जोड़ना रहा। इस अवसर पर श्री एम. रामचंद्रन, श्री पुष्पम कुमार एवं श्री अनुराग जैन भी उपस्थित रहे और उन्होंने छात्राओं का मार्गदर्शन किया। कार्यक्रम के समापन पर महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. अमिता श्रीवास्तव ने सभी अतिथियों एवं विशेषज्ञों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाएँ छात्राओं के शैक्षणिक एवं व्यावसायिक विकास के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होती हैं। उन्होंने छात्राओं से प्राप्त जानकारी का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया तथा आई.आई.टी. रुड़की की पूरी टीम के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्र निर्माण में डिजिटल शिक्षा की भूमिका को रेखांकित करते हुए धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

