हरिद्वार(नीति शर्मा)। श्रावण कांवड़ मेला-2026 के दौरान बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित ने जनपद के सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालयों, उच्च शिक्षण संस्थानों, तकनीकी शिक्षण संस्थानों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में 30 जुलाई से 11 अगस्त 2026 तक अवकाश घोषित किया है।
जिलाधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार कांवड़ मेले की चरम अवधि में प्रमुख मार्गों पर भारी भीड़ एवं यातायात डायवर्जन लागू रहने के कारण छात्र-छात्राओं की सुरक्षा और आवागमन में संभावित कठिनाइयों को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
हालांकि, अवकाश अवधि के दौरान विद्यार्थियों की शैक्षणिक गतिविधियां प्रभावित न हों, इसके लिए सभी शिक्षण संस्थानों को ऑनलाइन शिक्षण कार्य संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं। इससे विद्यार्थियों की पढ़ाई नियमित रूप से जारी रहेगी।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों, शिक्षण संस्थानों के प्रबंधकों एवं प्रधानाचार्यों को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि कांवड़ मेले के दौरान यातायात व्यवस्था, जनसुरक्षा और विद्यार्थियों के हितों का प्रभावी संरक्षण किया जा सके।

