हर की पैड़ी समेत प्रमुख घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद
हरिद्वार(नीति शर्मा)। कांवड़ यात्रा के पहले दिन गुरुवार को धर्मनगरी हरिद्वार पूरी तरह शिवमय नजर आई। विश्व प्रसिद्ध हर की पैड़ी समेत सभी प्रमुख गंगा घाटों पर दूर-दराज के राज्यों से पहुंचे लाखों शिवभक्त कांवड़ियों का सैलाब उमड़ पड़ा। श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाने के बाद विधि-विधान से गंगाजल भरा और “बोल बम”, “हर-हर महादेव” तथा “बम-बम भोले” के जयघोष के साथ अपने-अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान किया।
सुबह से ही हर की पैड़ी, सुभाष घाट, मालवीय घाट और आसपास के अन्य गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। कंधों पर आकर्षक और रंग-बिरंगी कांवड़ सजाए शिवभक्त पूरे उत्साह और भक्ति भाव के साथ गंगाजल भरते नजर आए। गंगा तटों पर धार्मिक उल्लास और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला।

भगवा वस्त्रधारी कांवड़ियों की भारी मौजूदगी से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा।
कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस, प्रशासन और मेला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। हर की पैड़ी एवं प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पुलिस, एसडीआरएफ, जल पुलिस तथा स्वयंसेवकों की तैनाती की गई। अधिकारियों ने लगातार घाटों और प्रमुख मार्गों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से निर्धारित मार्गों का पालन करने तथा सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का अनुपालन करने की अपील की है। कांवड़ यात्रा के पहले दिन श्रद्धालुओं के उत्साह और भक्ति ने धर्मनगरी हरिद्वार को पूरी तरह शिवमय बना दिया।

